फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सैफ की तेजी से हुई रिकवरी और पुलिस जांच पर संदेह जताया है।
संजय निरुपम ने कहा, “सैफ अली खान पर ढाई इंच का चाकू मारा गया था, उनकी सर्जरी हुई थी, लेकिन चार दिन बाद ही वे अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए और बिल्कुल सामान्य दिख रहे थे। क्या इतनी जल्दी रिकवरी संभव है?”
उन्होंने अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज न होने पर भी सवाल खड़े किए। निरुपम ने कहा, “अस्पताल का दावा है कि सैफ खून से लथपथ थे, लेकिन इसका कोई सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं है? सैफ के घर में काम करने वाले आठ कर्मचारी हैं, तो हमलावर उन तक कैसे पहुंचा?”
पुलिस जांच पर भी उठाए सवाल
संजय निरुपम ने पुलिस की जांच को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “पुलिस ने तीन दिनों में तीन अलग-अलग आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी के बांग्लादेशी नागरिक होने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में यह जांच संदिग्ध लगती है। मामले की पारदर्शिता से जांच होनी चाहिए।”
मुंबई की सुरक्षा पर सवाल
सैफ अली खान पर 16 जनवरी को बांद्रा स्थित घर में चाकू से हमला हुआ था। इस घटना के बाद मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे। विपक्षी दलों ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि एक घटना से मुंबई को असुरक्षित बताना सही नहीं है।
हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और अवैध रूप से भारत में घुसा था।