उत्तर प्रदेश

शुकतीर्थ और सुखदेव मुनि आश्रम को मिलेगा धार्मिक पर्यटन का नया आयाम

उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध तीर्थस्थल शुकतीर्थ और सुल्तानपुर जिले के सुखदेव मुनि आश्रम सहित अन्य धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए कुल 5.82 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

शुकतीर्थ, जहां मान्यता है कि महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत की कथा सुनाई थी, उसे आधुनिक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। पंचकोसी परिक्रमा के इस पवित्र केंद्र पर आगंतुकों के लिए प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विश्राम स्थल, शौचालय, हरित क्षेत्र और साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए 3.67 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

वहीं, सुल्तानपुर के इसौली तहसील स्थित सुखदेव मुनि आश्रम को भी पर्यटन की दृष्टि से संवारा जाएगा। आश्रम परिसर का सौंदर्यीकरण, पर्यटक सुविधाओं का विकास और अन्य कार्यों पर 57.65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जनपद सुल्तानपुर में ही विभिन्न स्थलों पर पर्यटक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास हेतु 93.77 लाख रुपये की एक और परियोजना भी मंजूर की गई है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा सिर्फ धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार करना नहीं, बल्कि उन्हें समग्र पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है ताकि श्रद्धालुओं को श्रद्धा के साथ-साथ बेहतर बुनियादी सुविधाएं भी मिल सकें। यह कदम न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा को बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा।

Related Articles

Back to top button