लखनऊ में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू

लखनऊ। बारिश के मौसम में जलभराव के कारण होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए लखनऊ नगर निगम ने कमर कस ली है। 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इस व्यापक अभियान में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, मलेरिया विभाग और फॉगिंग टीम एकजुट होकर काम करेंगे।
अभियान की शुरुआत नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज से हुई, जहां डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, विधायक नीरज बोरा, पार्षद पृथ्वी गुप्ता, सीएमओ लखनऊ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डीएमओ लखनऊ, जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य निरीक्षक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संचिता मिश्रा, सत्येंद्र नाथ, पुष्कर पटेल और फॉगिंग टीम की मौजूदगी में संयुक्त रूप से इसे शुरू किया गया।
अभियान के मुख्य उद्देश्य:
-
लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना
-
मच्छर जनित रोगों पर नियंत्रण
-
जलजनित बीमारियों के प्रसार को रोकना
-
शहर के स्वास्थ्य मानकों को बेहतर बनाना
यह अभियान संयुक्त रूप से चलाया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, मलेरिया विभाग और नगर निगम की टीमें शामिल होंगी। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में फॉगिंग (धुंआछिड़काव) और एंटी लार्वा स्प्रिंकलिंग (लार्वा नाशक छिड़काव) का कार्य किया जाएगा।
इस अभियान में विशेष तौर पर मच्छरों के प्रजनन स्थलों जैसे नालों, गड्ढों, छतों पर जमा पानी, पुराने टायर आदि की सफाई और छिड़काव पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा, नगर निगम की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी कि कैसे वे अपने आस-पास जलभराव को रोकें और अपने घर को मच्छरों से बचाएं।
नगर निगम और प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि लोग इस अभियान में सहयोग करें, अपने घरों और आस-पास की सफाई बनाए रखें, और किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।


