25,000 से अधिक संगठनों ने कराया पंजीकरण
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के लिए भारत और विदेशों से उमड़ा अभूतपूर्व समर्थन
IITs, IIMs से लेकर सरकारी विभागों और राज्यों तक ने दिखाई भागीदारी
निश्चय टाइम्स, डेस्क। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2025 के अवसर पर आयोजित होने जा रहे ‘योग संगम’ को लेकर देश-विदेश में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह कार्यक्रम अब तक का सबसे बड़ा, समावेशी और समन्वित योग आयोजन बनने की ओर अग्रसर है। अब तक 25,000 से अधिक संगठनों ने इसमें भागीदारी के लिए पंजीकरण कर लिया है।
योग संगम में शिक्षा, प्रशासन और समाज की व्यापक भागीदारी
इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर IIT कानपुर, IIM मुंबई, NIT कुरुक्षेत्र, BIT मेसरा, VIT समेत देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों ने भागीदारी सुनिश्चित की है। वहीं, एकल फाउंडेशन, IYA और INO जैसे बड़े गैर-सरकारी संगठन भी सक्रिय रूप से समर्थन दे रहे हैं।
सरकारी संस्थाएं भी दे रही मिसाल
सरकारी विभाग भी इस अभियान में पीछे नहीं हैं। गोवा वन भवन स्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय जैसे संस्थानों ने योग संगम को न केवल समर्थन दिया, बल्कि योग को पर्यावरण और समग्र जीवनशैली से जोड़ते हुए मिसाल पेश की है।
राज्यों में बढ़ रही सहभागिता की होड़
राजस्थान, तेलंगाना, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्य संगठनात्मक पंजीकरण में अग्रणी बनकर उभरे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि योग के प्रति जागरूकता केवल महानगरों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापक स्तर पर फैल रही है।
IDY 2025: एक दशक के बाद नया उत्साह
IDY के 11वें संस्करण के रूप में 2025 का आयोजन बेहद खास है क्योंकि यह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 10 वर्षों की सफलता के बाद मनाया जा रहा है। इस वर्ष 21 जून को भारत के 1 लाख से अधिक स्थानों पर एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) आधारित सामूहिक योग प्रदर्शन किया जाएगा।
आप भी बन सकते हैं इस ऐतिहासिक संगम का हिस्सा
यदि आप किसी संस्थान, संगठन या समुदाय से जुड़कर योग संगम में भाग लेना चाहते हैं, तो आप इस लिंक पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
