लखनऊ में भारत–दक्षिण अफ्रीका व्यापार संवाद
CII यूपी ने साउथ अफ्रीकन डेलिगेशन के साथ की उच्चस्तरीय बैठक

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
Confederation of Indian Industry (CII) उत्तर प्रदेश ने लखनऊ में दक्षिण अफ्रीका के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बिजनेस मीट का आयोजन किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत में दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त Prof. Anil Sooklal ने किया, जबकि उप उच्चायुक्त Cedrick C. Crowley भी उनके साथ मौजूद रहे।
द्विपक्षीय व्यापार को नई रफ्तार
इस बैठक ने CII यूपी के सदस्यों को दक्षिण अफ्रीकी प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर प्रदान किया। दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी के नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उच्चायुक्त प्रो. अनिल सूकलाल ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में भारतीय कंपनियों की मजबूत और बढ़ती उपस्थिति दोनों देशों के गहरे आर्थिक संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र को सहयोग का प्रमुख क्षेत्र बताते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर वार्ता जारी है, जो व्यापार और निवेश के नए द्वार खोलेगी।
यूपी बना निवेश का पसंदीदा गंतव्य
CII MSME एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पैनल के कन्वीनर और AMA Herbals के को-फाउंडर एवं CEO Yawer Ali Shah ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक उभरता हुआ निवेश गंतव्य बन चुका है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के साथ ठोस साझेदारियों के माध्यम से व्यापार और तकनीकी सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है।
प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं
बैठक में कृषि, फूड प्रोसेसिंग, मैन्युफैक्चरिंग, स्किलिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। संयुक्त उपक्रम (Joint Ventures), मार्केट एक्सेस और नॉलेज एक्सचेंज को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने दक्षिण अफ्रीका में निवेश और संस्थागत साझेदारी के माध्यम से व्यापारिक संबंधों को विस्तार देने में गहरी रुचि दिखाई।



