111 क्रिटिकल क्रैश लोकेशन पर एक्शन मोड में प्रशासन
सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने को संयुक्त टीम का ताबड़तोड़ सर्वे

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 111 चिन्हित क्रिटिकल क्रैश लोकेशन का व्यापक सर्वेक्षण किया जा रहा है।
सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्यरत सेव लाइफ फाउंडेशन के सहयोग से इन 111 खतरनाक स्थलों की पहचान की गई है, जहां बार-बार सड़क हादसे हो रहे हैं। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं के कारणों, सड़क की संरचना, संकेतक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्पीड कंट्रोल और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता का गहन अध्ययन किया जा रहा है।
संयुक्त टीम यह भी सुनिश्चित कर रही है कि दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस सेवा न्यूनतम समय में मौके पर पहुंचे। सर्वे के दौरान प्रत्येक क्रैश प्वाइंट के लिए शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म सुधारात्मक उपायों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसमें चेतावनी संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, ब्लैक स्पॉट सुधार, ट्रैफिक सिग्नल स्थापना और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसे सुझाव शामिल हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री हरिओम, यात्री मालकर अधिकारी श्री अभिनव कुमार चौधरी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की अगुवाई में अब तक 51 क्रिटिकल क्रैश प्वाइंट का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। शेष स्थलों का सर्वे शीघ्र पूरा कर संयुक्त रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जाएगी।



