कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं का जोरदार विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय से विधानसभा की ओर कूच किया। देश और प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अपराध और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विरोध जताते हुए उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस ने विधानसभा मार्ग पर बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित महिला कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर विरोध करने लगीं। कुछ कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर भी प्रदर्शन करती रहीं।
महिला आरक्षण को लेकर नाराजगी
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि केंद्र सरकार ने जो महिला आरक्षण का प्रावधान किया है, उसका लाभ अब तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं में आरक्षण की बात करती है, लेकिन हकीकत में महिलाओं को उसका लाभ नहीं मिल रहा है।
पुलिस ने किया जबरन हिरासत में लेने का प्रयास
विरोध प्रदर्शन उग्र होता देख पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जबरन हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इस दौरान कई महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस वैन में बैठाकर थाने ले जाया गया।
कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिलता और बढ़ते अपराधों पर लगाम नहीं लगती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।


