उत्तर प्रदेश

UPPSC Protest: छात्रों ने पंचायत किरदारों से ली चुटकी, आयोग और सरकार पर तंज

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के सामने सैकड़ों छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें वे पंचायत वेब सीरीज के दो चर्चित किरदारों का उपयोग करते हुए आयोग और राज्य सरकार पर व्यंग्य कर रहे हैं। छात्रों ने नॉर्मलाइजेशन और एक ही दिन में परीक्षा (वन डे-वन शिफ्ट) की मांग को लेकर आयोग की दीवारों पर बैनर और पोस्टर चिपकाए हैं। खासतौर से “देख रहा है विनोद, कैसे युवाओं को अधिकारी से आंदोलनकारी बना दिया” जैसे संवाद विरोध में शामिल छात्रों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
प्रदर्शन के तीसरे दिन छात्रों की संख्या हजारों तक पहुंच गई, और शाम का माहौल किसी मेले जैसा हो गया। दिनभर नारेबाजी और बैनर लगाए जाने के बाद शाम को छात्राओं ने आंदोलन का नेतृत्व संभाला, जिसमें कैंडल मार्च भी निकाला गया।

नॉर्मलाइजेशन का विरोध
छात्रों के हाथों में ‘अहा टमाटर बड़े मजेदार, नॉर्मलाइजेशन है बेकार’ जैसे नारे लिखे पोस्टर नजर आए। छात्र इस प्रक्रिया को खत्म करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि उनका मानना है कि यह उनके परिणामों को प्रभावित कर रही है।
भाजपा नेताओं को ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने पूर्व युवा आयोग के सदस्य योगेश शुक्ल को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने परीक्षा एक ही दिन में कराने की मांग रखी। शुक्ल ने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाएंगे और छात्रों की समस्याओं का हल निकालने का प्रयास करेंगे।

छात्रों का संकल्प
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे आयोग के सामने डटे रहेंगे।

Related Articles

Back to top button