UP By Election – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर की सीसामऊ सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने इस उपचुनाव को जबरदस्ती कराया गया चुनाव बताया और सुप्रीम कोर्ट द्वारा बुलडोजर कार्रवाई पर रोक के फैसले का स्वागत किया।
अखिलेश यादव ने मंगलवार (13 नवंबर) को अपने संबोधन में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस (भाजपा) सरकार के प्रतीक बन चुके बुलडोजर पर रोक लगाकर सरकार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, “इससे ज्यादा सरकार के खिलाफ टिप्पणी और क्या हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर चलाने वालों से जुर्माना वसूलने और गरीबों के मकान न गिराने का निर्देश देकर न्याय किया है।”
‘अब किसी गरीब का मकान नहीं गिरेगा’
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले में सरकार पर 25 लाख का जुर्माना लगाया गया है और निर्देश दिया गया है कि बुलडोजर चलाने वाले दोषी अधिकारियों से ये रकम वसूली जाएगी। अखिलेश ने कहा, “सरकार के बुलडोजर एक्शन ने कई परिवारों को तबाह कर दिया। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले से गरीबों के मकानों को गिराए जाने का सिलसिला रुकेगा।”
‘हमें कोर्ट पर पूरा भरोसा’
सपा प्रमुख ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और एक दिन उनके विधायक फिर से जनता के बीच काम करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा उपचुनाव में सभी 9 सीटें हारने जा रही है।