लालगंज में स्वावलम्बन की नई शुरुआत
स्वदेशी जागरण मंच के केन्द्र से युवाओं को उद्यमिता का संकल्प

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी |
आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए स्वदेशी जागरण मंच (अवध प्रांत) ने लालगंज के शिव दर्शन मार्केट, निराला नगर में स्वावलम्बन केन्द्र का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में लगभग 200 युवाओं, व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
स्वावलम्बन केन्द्र का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विभाग प्रचारक अमित राजावत जी द्वारा विधिवत किया गया। इस अवसर पर प्रांत संयोजक श्री अमित सिंह वत्स, जिला संयोजक डॉ. अनुभव श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आत्मनिर्भर भारत में स्वदेशी की भूमिका
अपने संबोधन में श्री अमित राजावत ने कहा कि स्वदेशी व्यवस्था आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। स्थानीय उत्पादन, लघु उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर ही अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक अवसर पहुंचाए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रांत संयोजक अमित सिंह वत्स ने “हर घर युवा – हर युवा उद्यमी” का मंत्र देते हुए कहा कि यह केन्द्र युवाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और रोजगार उन्मुख कार्यक्रमों से जोड़ेगा। उन्होंने युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की प्रेरणा दी।
जिला संयोजक डॉ. अनुभव श्रीवास्तव ने बताया कि यह केन्द्र स्थायी रोजगार परामर्श मंच के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा उद्यम स्थापना से जोड़ेगा। कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वरोजगार मार्गदर्शन सत्र और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह पहल क्षेत्र में स्थानीय आर्थिक सशक्तिकरण और युवा उद्यमिता को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।



