Uncategorized

टीईटी-2026 आवेदन अब पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित

एसबीआई के ‘ई-पे’ से निशुल्क भुगतान सुविधा

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क (DF हिंदी)


टीईटी-2026 के लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और State Bank of India (एसबीआई) के बीच डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता आयोग के एलनगंज स्थित कार्यालय में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में संपन्न हुआ।

इस साझेदारी के तहत एसबीआई द्वारा “ई-पे” (E-Pay) नामक उन्नत डिजिटल पेमेंट गेटवे को आयोग की प्रणाली से जोड़ा गया है। इसके जरिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 के आवेदन शुल्क का भुगतान अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सुविधा अभ्यर्थियों के लिए पूरी तरह निशुल्क होगी, जिससे उन्हें अतिरिक्त शुल्क की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

समारोह में आयोग के सचिव मनोज कुमार और बैंक के उपमहाप्रबंधक पवन कुमार अरोरा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए, जबकि आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार और एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार डे (लखनऊ सर्किल) ने एमओयू का औपचारिक आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर बैंक और आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

एमओयू के सफल क्रियान्वयन में मुख्य प्रबंधक गरिमा श्रीवास्तव और शाखा प्रबंधक राजेश कुमार साहू (कर्नलगंज) की अहम भूमिका रही।

डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि यह पहल न केवल भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी, बल्कि आवेदन प्रक्रिया को भी सरल और भरोसेमंद बनाएगी। साथ ही, यह कदम डिजिटल इंडिया की दिशा में एक मजबूत प्रयास साबित होगा।

इस नई व्यवस्था से अब टीईटी-2026 के अभ्यर्थियों को लंबी कतारों और तकनीकी परेशानियों से राहत मिलेगी और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।

Related Articles

Back to top button