उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने हौज भदेसराय तालाब की लगभग आठ बीघा भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रायसत्ती थाना क्षेत्र में स्थित इस भूमि पर कई सालों से लोगों ने अवैध रूप से प्लॉटिंग कर करीब 80 मकानों का निर्माण कर लिया था। अब प्रशासन ने इस कब्जाई गई भूमि को मुक्त कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 45 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में इन सभी से पूछा गया है कि उन्होंने तालाब की भूमि पर किसकी अनुमति से मकान बनाए हैं। अधिकारियों ने लोगों को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को नोटिस की जानकारी दी और अवैध रूप से बने मकानों पर नोटिस चस्पा कर दिए।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य तालाब की भूमि को पूरी तरह से कब्जामुक्त कराना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और भी लोगों को नोटिस भेजे जाएंगे, क्योंकि जांच में कई और अवैध निर्माणों की जानकारी सामने आई है।
उन्होंने यह भी संभावना जताई कि कुछ लोगों को भूमाफियाओं ने धोखे में रखकर जमीन का बैनामा करा दिया होगा, जबकि तालाब की भूमि का न तो बैनामा हो सकता है और न ही उस पर कोई निजी स्वामित्व का दावा किया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे सभी अवैध कब्जों को हटाया जाएगा ताकि तालाब की मूल स्थिति को बहाल किया जा सके और सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखा जा सके।
