अंतरराष्ट्रीय

तो पाकिस्तान होगा मालामाल! अटक में मिला 28 लाख तोला सोना, जानें कैसे निकलेगा बाहर

आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को बड़ी राहत मिल सकती है। पंजाब प्रांत के अटक जिले में 28 लाख तोला सोने का भंडार मिलने का दावा किया गया है। खान एवं खनिज मंत्री सरदार शेर अली गोरचानी ने जानकारी दी कि इस भंडार की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 600-700 अरब पाकिस्तानी रुपये है। अगर यह भंडार सही तरीके से उपयोग में लाया गया, तो पाकिस्तान की डूबती अर्थव्यवस्था को सहारा मिल सकता है।
क्या बोले पाकिस्तानी मंत्री?
सरदार शेर अली गोरचानी ने बताया कि अटक जिले में सोने का यह भंडार भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के एक विस्तृत अध्ययन के दौरान खोजा गया। उन्होंने कहा, “हमने 127 स्थलों से नमूने जुटाए हैं और अब नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं। इससे पाकिस्तान को अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने का बेहतरीन मौका मिलेगा।”
कैसे निकलेगा सोना?
मंत्री ने बताया कि सोने को बाहर निकालने के लिए ड्रिलिंग और ब्लास्टिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। वैज्ञानिक पहले चट्टानों में सोने की सटीक स्थिति का पता लगाएंगे, फिर खनन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नीलामी की प्रक्रिया अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है।
पाकिस्तान के लिए क्यों अहम है यह खोज?
बीते कई सालों से पाकिस्तान आर्थिक कंगाली का सामना कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय कर्ज़ और विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट के बीच यह सोने का भंडार पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकता है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि सोने को बाहर निकालने में समय और बड़े निवेश की आवश्यकता होगी। क्या पाकिस्तान इसे सही तरीके से उपयोग कर पाएगा, यह देखना होगा।

Related Articles

Back to top button