बिज़नेस

यूनियन बैंक को ‘केयरएज-ईएसजी 1+’ की सर्वोच्च रेटिंग

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डीएफ हिंदी

देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने सतत और जिम्मेदार बैंकिंग के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बैंक को CARE Edge ESG Ratings द्वारा “केयरएज-ईएसजी 1+” रेटिंग प्रदान की गई है, जो एजेंसी की सर्वोच्च ईएसजी रेटिंग्स में से एक मानी जाती है। इस उपलब्धि के साथ बैंक को ईएसजी कार्य-निष्पादन के लिए ‘लीडरशीप’ श्रेणी में स्थान दिया गया है।

यह सम्मान बैंक की सुदृढ़ पर्यावरणीय, सामाजिक और अभिशासन (ESG) प्रतिबद्धताओं को रेखांकित करता है। यूनियन बैंक ने अपने कारोबारी परिचालन, जोखिम प्रबंधन ढांचे और रणनीतिक निर्णय प्रक्रिया में ईएसजी सिद्धांतों को प्रभावी ढंग से एकीकृत किया है, जिसका सकारात्मक परिणाम इस रेटिंग के रूप में सामने आया है।

रेटिंग रिपोर्ट में बैंक के चार प्रमुख क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया है। इनमें पर्यावरण के अनुकूल ऋण पद्धतियों को बढ़ावा देना, वित्तीय समावेशन और सामुदायिक विकास पर फोकस, सुदृढ़ अभिशासन संरचना और पारदर्शी प्रकटीकरण, तथा उद्यम-व्यापी जोखिम प्रबंधन में ईएसजी पहलुओं का समावेश शामिल है।

बैंक ने हरित वित्त (ग्रीन फाइनेंस) को बढ़ावा देने, जिम्मेदार निवेश को प्राथमिकता देने और समाज के वंचित वर्गों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। साथ ही, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मजबूत गवर्नेंस फ्रेमवर्क अपनाया गया है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने कहा है कि वह अपनी संवहनीयता (सस्टेनेबिलिटी) रूपरेखा को और सशक्त बनाने तथा भारत के व्यापक ईएसजी एजेंडा में सार्थक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह उपलब्धि न केवल बैंक की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देती है, बल्कि निवेशकों और ग्राहकों के विश्वास को भी मजबूत करती है।

Related Articles

Back to top button