केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में छात्रों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने बताया कि IIT की सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा, जिससे 6,500 नए छात्रों को प्रवेश मिल सकेगा। इसके अलावा, पटना IIT में हॉस्टल और अन्य सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा।
मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने MBBS की 75,000 सीटें बढ़ाने की घोषणा की है। इससे देशभर में मेडिकल शिक्षा का विस्तार होगा। पिछले बजट में भी नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी, जिससे MBBS सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई थी।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 23 IIT संस्थानों की प्रवेश क्षमता 65,000 से बढ़ाकर 1.35 लाख कर दी गई है। अब देश में 2014 के बाद शुरू हुए 5 नए IIT में 6,500 से अधिक सीटें बढ़ाई जाएंगी। इसके साथ ही, IIT पटना की सुविधाओं में भी विस्तार किया जाएगा, जिससे वहां के छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अलावा, शिक्षा के अन्य क्षेत्रों में भी सरकार ने बजट में बड़ा इजाफा किया है। पिछले बजट में इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU), स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर और केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के बजट को बढ़ाया गया था। IGNOU का बजट 140 करोड़, स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर का 185.85 करोड़ और KVS को 9,307 करोड़ का प्रावधान किया गया था।
सरकार की इन घोषणाओं से छात्रों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और देश में तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा को नया आयाम मिलेगा।