उत्तर प्रदेश

8वें वेतन आयोग से लेकर डीए एरियर तक—पेंशनर्स ने उठाए अहम मुद्दे

पेंशनर्स का बड़ा फैसला: अब मुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क

उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था की प्रांतीय कार्यकारिणी की अहम बैठक लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित अन्वेषणालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव ने की, जबकि संरक्षक राम सहाय शर्मा की उपस्थिति ने बैठक को विशेष महत्व दिया।

इस बैठक में प्रदेश के लगभग 20 जनपदों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर व्यापक मंथन हुआ। संचालन प्रांतीय महामंत्री ओंकार नाथ तिवारी ने किया।

बैठक में पेंशनर्स से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रमुख रूप से 8वें केंद्रीय वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण को शामिल करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा पेंशन राशिकरण की कटौती अवधि को घटाकर 11 वर्ष करने, 80 वर्ष पर मिलने वाली 20% अतिरिक्त पेंशन को 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5-5 प्रतिशत देने का प्रस्ताव रखा गया।

कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) के एरियर के भुगतान की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई। साथ ही, रेलवे और हवाई यात्रा में पूर्व की तरह रियायत बहाल करने की भी मांग की गई।

बैठक में यह भी सामने आया कि कई जिलों के कोषागारों में पेंशनर्स के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। पेंशनर्स कक्षों के निर्माण और विस्तार की जरूरत बताई गई। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के भुगतान में अनावश्यक अड़चनें और आयकर कटौती की समस्याओं को भी गंभीरता से उठाया गया।

इन सभी मुद्दों पर विचार-विमर्श के बाद यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर पेंशनर्स की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा और उनके समाधान की मांग की जाएगी।

बैठक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वनाथ दीक्षित, गोपी कृष्ण श्रीवास्तव, संतोष कुमार मेहरोत्रा सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।


Related Articles

Back to top button