उत्तर प्रदेश

UP PWD ने रचा इतिहास—बजट खर्च में बनाया नया कीर्तिमान

84% से अधिक व्यय, बेहतर प्लानिंग और मॉनिटरिंग से विकास कार्यों को मिली रफ्तार

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बजट व्यय के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग ने न केवल स्वीकृत बजट का उच्चतम उपयोग किया, बल्कि निर्धारित लक्ष्य को भी पार करते हुए विकास कार्यों को नई गति दी है।

आंकड़ों के अनुसार, विभाग को कुल ₹36,293.95 करोड़ का बजट प्राप्त हुआ, जिसके सापेक्ष ₹30,581.98 करोड़ का व्यय किया गया, जो कुल बजट का 84.26 प्रतिशत है। वहीं स्थापना व्यय को छोड़कर ₹32,676.49 करोड़ के बजट के मुकाबले ₹28,086.82 करोड़ खर्च कर 85.95 प्रतिशत की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई।

सबसे खास बात यह रही कि विभाग ने ₹28,000 करोड़ के लक्ष्य को पार करते हुए ₹28,087 करोड़ का व्यय कर ‘ओवरअचीवमेंट’ दर्ज किया। यह उपलब्धि विभाग की कुशल कार्यप्रणाली, प्रभावी वित्तीय प्रबंधन और समयबद्ध क्रियान्वयन को दर्शाती है।

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में जहां ₹23,850 करोड़ खर्च किए गए थे, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर ₹28,086.82 करोड़ पहुंच गया, जो राज्य में तेज़ी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की स्पष्ट तस्वीर पेश करता है।

इस सफलता के पीछे अजय चौहान (प्रमुख सचिव) और ए.के. द्विवेदी (प्रमुख अभियंता) का रणनीतिक नेतृत्व महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले दो महीनों से नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बजट व्यय की निगरानी ने कार्यों में तेजी लाई और समय पर धनराशि के उपयोग को सुनिश्चित किया।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार और प्रशासनिक दक्षता का भी संकेत है।

Related Articles

Back to top button