राष्ट्रीय

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन

बॉलीवुड के महान अभिनेता और ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर मनोज कुमार का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड इंडस्ट्री समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। मनोज कुमार को भारतीय सिनेमा में देशभक्ति पर आधारित फिल्मों के लिए जाना जाता है। ‘उपकार’, ‘क्रांति’, ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता और उन्हें ‘भारत कुमार’ की उपाधि मिली।

मनोज कुमार ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया जिनमें ‘चांद’, ‘कांच की गुड़िया’, ‘पिया मिलन की आस’, ‘सहारा’, ‘रेशमी रुमाल’ और ‘उपहार’ शामिल हैं। उनकी फिल्में आज भी देशभक्ति की भावना को जगाने में सक्षम हैं।

उनके योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया, जिनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, पद्म श्री और भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान ‘दादा साहेब फाल्के पुरस्कार’ शामिल हैं। मनोज कुमार के निधन की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। बॉलीवुड के तमाम कलाकारों और राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मनोज कुमार का जाना एक युग का अंत है, जिन्होंने सिनेमा के माध्यम से देशभक्ति को नई पहचान दी।

Related Articles

Back to top button