भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को पाकिस्तान और चीन की सीमा पर स्थिति को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर स्थिति को संवेदनशील लेकिन स्थिर बनाए हुए है। सेना प्रमुख ने बताया कि देपसांग और डेमचोक क्षेत्रों में गश्त और पशु चराई फिर से शुरू हो चुकी है, जिससे वहां की पारंपरिक गतिविधियां बहाल हुई हैं।
भारतीय सेना हर स्थिति के लिए तैयार
जनरल द्विवेदी ने दुश्मनों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सेना की तैनाती संतुलित और मजबूत है। हमारी सेना किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि सेना सीमा पर बुनियादी ढांचे और क्षमता विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
पाकिस्तान की घुसपैठ की कोशिशें जारी
पाकिस्तान की सीमा पर स्थिति पर बात करते हुए सेना प्रमुख ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में हालात नियंत्रण में हैं। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन किए बिना घुसपैठ की कोशिशें लगातार जारी हैं।
आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई
सेना प्रमुख ने जानकारी दी कि पाकिस्तान अब भी आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल मारे गए आतंकियों में 60% पाकिस्तानी मूल के थे। इसके बावजूद भारतीय सेना ने सीमापार से होने वाले खतरों को काबू में रखने में सफलता हासिल की है।
भारतीय सेना का यह संदेश दुश्मनों के लिए एक चेतावनी है और यह स्पष्ट करता है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।