उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

हमें संघर्ष द्वारा 2027 में सड़क से सदन तक का सफर तय कर लेना है : अजय राय

लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत ब्रज जोन के जनपद शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, फरूर्खाबाद, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, अलीगढ़, कासगंज, मथुरा, हाथरस जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय द्वारा ली गई। बैठक में ब्रज जोन के सह प्रभारी, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा पूर्व विधायक संजय कपूर, विवेक बंसल भी मुख्य रूप से शामिल रहे।

बैठक में हुए उक्त जनपदों के कार्यकर्ताओं से प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में उनकी राय मांगी गई जिस पर सभी अपने-अपने सुझाव शीर्ष नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत किये।

उपस्थित कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि जिस तरह एक जिलाध्यक्ष/शहर अध्यक्ष पद के लिए इतनी भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता इस बैठक में भाग ले रहे हैं वह बता रहा है कि 35 सालों से भी सरकार में नहीं रहने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोश और प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आई है। एक-एक जिले से 80 से 100 तक भी साथियों ने इस पद हेतु अपनी दावेदारी पेश किया है। उन्होंने कहा कि आप लोगों के इस जोश से उम्मीद जाग गई है कि 2027 में हम फिर से अपने मुकाम पर होंगे।

बैठक में कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय ने याद दिलाया कि 1977 में जब विभिन्न ताकतों ने कांग्रेस के विरूद्ध बहुत ही खराब माहौल बना दिया था और हम हारे थे। उसके बावजूद विधानसभा चुनाव में आगरा सहित कई जिलों ने कई-कई विधायकों को जिताकर कांग्रेस की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया था। मैं चाहता हूं आज एक बार फिर उसी जोश के साथ आरएसएस और भाजपा की जनविरोधी और विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए हमें सड़क से सदन तक सफर हर हालत में तय कर लेना है।

Related Articles

Back to top button