उत्तर प्रदेश

योगी सरकार के 8 साल पूरे, सोमेंद्र तोमर ने गिनाईं उपलब्धियां

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 8 साल पूरे होने के अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरनगर के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर मेरठ रोड स्थित नुमाइश ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता और पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया। सोमेंद्र तोमर ने उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि आज केवल देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अगर कहीं दंगे या हिंसा होती है, तो वहां ‘योगी मॉडल’ लागू करने की मांग उठती है। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा योगी सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए एक विशाल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी की थीम “यूपी भारत का ग्रोथ इंजन” रखी गई थी। मंत्री ने मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को सम्मानित किया। सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश निवेश आकर्षित करने में देश में शीर्ष स्थान पर है और 44 विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बना हुआ है। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक गन्ने का उत्पादन करता है और सरकार चीनी मिलों के विस्तार और नई चीनी मिलों की स्थापना पर कार्य कर रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिले। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश को माफिया राज और अराजकता में धकेल दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां योगी सरकार “एक जिला, एक उत्पाद” की नीति पर काम कर रही है, वहीं अखिलेश यादव ने “एक जिला, एक माफिया” का मॉडल अपनाया था। मुजफ्फरनगर का नाम बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए पहले भी नाम परिवर्तन किए गए हैं और उचित समय पर इस पर निर्णय लिया जाएगा। सोमेंद्र तोमर ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के विकास और जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button