तकनीक

योगी सरकार का बड़ा कदम: कक्षा 9–12 में ‘AI For All’ कोर्स अनिवार्य

‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ में AI की एंट्री, 2 लाख छात्रों को मिलेगा डिजिटल भविष्य का पासपोर्ट

1200 स्कूलों में तकनीकी क्रांति, अब स्किल के साथ AI में भी होंगे पारंगत छात्र

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क

Yogi Adityanath के नेतृत्व में Uttar Pradesh सरकार ने युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत अब कक्षा 9 से 12 तक के वोकेशनल प्रशिक्षण में ‘AI For All’ कोर्स को अनिवार्य कर दिया गया है।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Kapil Dev Agarwal और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक Pulkit Khare की पहल पर यह निर्णय लिया गया है, जो आगामी सत्र 2026-27 से लागू होगा।

इस योजना के तहत 1200 से अधिक सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के करीब 2 लाख छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ पहले से ही 210 घंटे का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसमें आईटी, हेल्थकेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स और ब्यूटी सेक्टर जैसे क्षेत्रों में ट्रेनिंग दी जाती है। अब इसमें AI को जोड़कर छात्रों को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाया जाएगा।

‘AI For All’ के तहत 4 घंटे का विशेष कोर्स तैयार किया गया है, जो न केवल छात्रों बल्कि प्रशिक्षकों के लिए भी अनिवार्य होगा। इस कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों में समस्या समाधान, डेटा विश्लेषण, रचनात्मक सोच और डिजिटल दक्षता जैसे कौशल विकसित किए जाएंगे।

बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए IT कस्टमर केयर, टेलरिंग, हेल्थकेयर और डिजिटल सेवाओं जैसे जॉब रोल्स के लिए कस्टमाइज्ड AI मॉड्यूल भी तैयार किए गए हैं। इससे छात्र अपने-अपने क्षेत्र में AI के व्यावहारिक उपयोग को समझ सकेंगे।

गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए 28 मार्च को एक विशेष ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को AI की गहन जानकारी देंगे।

यह पहल न केवल शिक्षा प्रणाली में तकनीकी बदलाव का संकेत है, बल्कि युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button