स्पोर्ट्स

युवा खेल महोत्सव 2.0 में जोश और जुनून का संगम

1100 खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को मिला सम्मान

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क (डीएफ हिंदी)।
राजधानी लखनऊ में आयोजित “युवा खेल महोत्सव 2.0” ने खेल, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का अनूठा माहौल पेश किया। उत्तिष्ठ सेवा संस्थानम्, प्रो शारदा प्रसाद तिवारी मेमोरियल ट्रस्ट, एस.एस. हॉस्पिटल, माय भारत और काव्योम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में 16 जिलों से आए 1100 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मैराथन को हरी झंडी दिखाकर की गई, जिसमें मुख्य अतिथि अवनीश कुमार सिंह और दुर्गेश त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी ने युवाओं को खेल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभा को मंच देते हैं, बल्कि अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।

खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। क्रिकेट के फाइनल में बीबीडी यूनिवर्सिटी ने महर्षि विश्वविद्यालय को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की और 11,000 रुपये का पुरस्कार जीता। उपविजेता टीम को 5,500 रुपये प्रदान किए गए।

मैराथन प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में अभिषेक ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में रूबी विजेता रहीं। विजेताओं को नकद पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कबड्डी में पुरुष वर्ग में भाषा विश्वविद्यालय ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में नवयुग महाविद्यालय की टीम विजेता बनी।

पूरे आयोजन में युवाओं का जोश और ऊर्जा देखने लायक रही। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button