[the_ad id="4133"]
Home » Breaking news » झारखंड को 57 अमृत स्टेशन का तोहफा, रेलवे के विकास के लिए 7,302 करोड़ मंजूर

झारखंड को 57 अमृत स्टेशन का तोहफा, रेलवे के विकास के लिए 7,302 करोड़ मंजूर

रांची। झारखंड में रेलवे की संरचनाओं के विकास के लिए आम बजट में 7,302 करोड़ की राशि मंजूर की गई है। इनमें से 1,147 करोड़ रुपए रांची, हटिया और टाटानगर रेलवे स्टेशनों के री-डेवलपमेंट पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा राज्य के कुल 57 रेलवे स्टेशन अमृत स्टेशनों के रूप में विकसित किए जाएंगे। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए झारखंड के पत्रकारों के साथ संवाद के दौरान दी।

झारखंड में जिन 57 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, उनमें बालसिरिंग, बानो, बड़ा जामदा, बरकाकाना, बासुकीनाथ, भागा, बोकारो स्टील सिटी, चाईबासा, चक्रधरपुर, चांडिल, चंद्रपुरा, डालटनगंज, डंगुआपोसी, देवघर, धनबाद, दुमका, गम्हरिया, गंगाघाट, गढ़वा रोड, गढ़वा टाउन, घाटशिला, गिरिडीह, गोड्डा, गोविंदपुर रोड, हैदर नगर, हटिया, हजारीबाग रोड, जामताड़ा, जपला, जसीडीह, कतरासगढ़, कोडरमा, कुमारडुबी, लातेहार, लोहरदगा, मधुपुर, मनोहरपुर, मोहम्मदगंज, मुरी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो, नगर ऊंटारी, नामकुम, ओरगा, पाकुड़, पारसनाथ, पिस्का, राजखरसावां, राजमहल, रामगढ़ कैंट, साहिबगंज, शंकरपुर, सिल्ली, सिन्नी, टाटानगर, टाटीसिलवे और विद्यासागर स्टेशन शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड में रेलवे के विकास एवं विस्तार की योजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कितनी अहमियत दी है, इसका पता आवंटित राशि के आकार से चल जाता है। वर्ष 2009 से 2014 के बीच झारखंड में रेल की विभिन्न परियोजनाओं के लिए मात्र 457 करोड़ की राशि दी गई थी, जबकि हमारी सरकार ने केवल वर्ष 2025-26 में इसकी तुलना में करीब 16 गुणा राशि मंजूर की है। राज्य में 56,694 करोड़ की लागत से 34 परियोजनाओं में नए रेल ट्रैक बिछाने का काम पहले से चल रहा है।

रेल मंत्री की ओर से दिए गए आंकड़े के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट पर 444 करोड़ खर्च होंगे। इसी तरह हटिया स्टेशन के लिए 355 करोड़ और टाटानगर स्टेशन के लिए 348 करोड़ रुपए खर्च होंगे। टाटानगर से वाराणसी और टाटानगर से बिलासपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की घोषणा की गई है। कांड्रा-नामकुम रेल लाइन के दोहरीकरण, इलू-सिल्ली लाइन और टाटा-बदामपहाड़ रेल मार्ग के निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और विकास को गति मिलेगी।

Admin Desk
Author: Admin Desk

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com