कानपुर

बिना नक्शा पास कराए प्लॉटिंग पर शिकंजा—7,600 वर्ग मीटर में नोटिस, आगे ध्वस्तीकरण तय

केडीए का बड़ा एक्शन: शुक्लागंज-उन्नाव में 15,300 वर्ग मीटर अवैध निर्माण सील

(निश्चट टाइम्स न्यूज डेस्क)

। अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाते हुए शुक्लागंज-उन्नाव क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने कुल लगभग 15,300 वर्ग मीटर क्षेत्र में सीलिंग की कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा कस दिया है, वहीं करीब 7,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में नोटिस जारी किए गए हैं।

उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के तहत ग्राम मुस्कापुर देवारा कला और देवारा कला में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग (लगभग 6000 व 9000 वर्ग मीटर) को सील कर दिया गया। वहीं ग्राम पिंडोखा में बिना स्वीकृत मानचित्र के बने जी+2 निर्माण (करीब 300 वर्ग मीटर) पर भी ताला जड़ दिया गया।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि ये सभी निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति और अनुमति के किए जा रहे थे, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। सील किए गए परिसरों को गंगाघाट थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा, देवारा खुर्द और सहजनी क्षेत्र में भी अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ धारा 27 व 28 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 7,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकास रोकने के नोटिस, पुलिस पत्र और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित निर्माणकर्ता संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद से पहले केडीए से लेआउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और केवल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कराएं।

प्राधिकरण ने साफ किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button