UPSC चेयरमैन मनोज सोनी ने कार्यकाल खत्म होने से पांच साल पहले ही दिया इस्तीफा, बताई ये वजह

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के चेयरमैन मनोज सोनी ने अपने कार्यकाल के समाप्ति से पांच साल पहले ही इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसके पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। मनोज सोनी ने अपने इस्तीफे में कहा कि उन्हें व्यक्तिगत कारणों से यह निर्णय लेना पड़ा।हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इसे स्वीकार किया जाएगा या नहीं.
मनोज सोनी का जीवन संघर्ष से भरा रहा है। उन्होंने अपने पिता की मृत्यु के बाद मुंबई की सड़कों पर अगरबत्ती बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण किया। उनके जीवन में कई चुनौतियाँ आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः देश के सबसे कम उम्र के विश्वविद्यालय वाइस चांसलर बने
सोनी ने 2017 में UPSC में सदस्य के रूप में कार्यभार संभाला और 2022 में UPSC के चेयरमैन बने। उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में विशेषज्ञता हासिल की और अपने शिक्षण और प्रशासनिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया
पीएम मोदी के करीबी कहे जाते हैं मनोज सोनी
मनोज सोनी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके घनिष्ठ संबंधों के लिए जाना जाता है, जिन्होंने उन्हें 2005 में वडोदरा में एमएस विश्वविद्यालय का सबसे युवा कुलपति नियुक्त किया था. यूपीएससी में शामिल होने से पहले, उन्होंने गुजरात के दो विश्वविद्यालयों में कुलपति के रूप में तीन कार्यकालों में काम किया था, जिसमें डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर ओपन विश्वविद्यालय (बीएओयू) में दो कार्यकाल शामिल हैं.
UPSC का क्या काम है?
यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न परीक्षाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिसमें सिविल सेवा परीक्षाएं शामिल हैं. यह संस्थान आमतौर पर आईएएस, आईएफएस, आईपीएस और केंद्रीय सेवाओं में प्रतिष्ठित पदों के लिए उम्मीदवारों की सिफारिश करता है.|



