एसबीआई महिला क्लब की पहल—SGPGI में मरीजों के लिए राहत सामग्री वितरित
सेवा का संकल्प: रोगियों और तीमारदारों के लिए कूलर, वाटर सिस्टम व जरूरी सामान भेंट

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रशासनिक कार्यालय, लखनऊ (पूर्व) के अंतर्गत एसबीआई महिला क्लब द्वारा समाज सेवा की एक सराहनीय पहल करते हुए संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में रोगियों और उनके तीमारदारों के लिए उपयोगी सामग्री वितरित की गई। यह कार्यक्रम सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
कार्यक्रम के दौरान एसबीआई महिला क्लब ने भाऊराव सेवा न्यास द्वारा संचालित माधव सेवा आश्रम को 165 लीटर के दो एयर कूलर, 150 लीटर का एक वाटर कूलर, 50 लीटर का वाटर प्यूरीफायर, चार स्टील अलमीरा तथा अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की। यह सामग्री उन मरीजों और उनके परिजनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी, जो दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए लखनऊ आते हैं।
माधव सेवा आश्रम, एसजीपीजीआई परिसर में विभिन्न राज्यों से आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को आवास, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराता है। ऐसे में एसबीआई महिला क्लब की यह पहल न केवल उनकी सुविधा को बढ़ाएगी, बल्कि मानवीय सेवा के भाव को भी मजबूत करेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसबीआई महिला क्लब, लखनऊ मंडल की अध्यक्ष श्रीमती ऋतुपर्णा दे ने की। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी समाज के कमजोर और निशक्त वर्गों को सशक्त बनाने के लिए इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रखेगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्रीमती रेणु राय, सचिव श्रीमती निवेदिता, आश्रम संयोजक श्री शरद जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



