लखनऊ

लखनऊ जीपीओ में गूंजा ‘डाक सेवा समाधान दिवस’

71 में से 59 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, मृत्युदावा भी तत्काल स्वीकृत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |

लखनऊ जीपीओ में “डाक सेवा समाधान दिवस” का आयोजन पूरे उत्साह और पारदर्शिता के साथ किया गया। कार्यक्रम में पोस्टमास्टर जनरल, मुख्यालय परिक्षेत्र, लखनऊ सुनील कुमार राय स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने सीधे ग्राहकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

डाक सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से लखनऊ परिक्षेत्र के लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली और सीतापुर मंडलों में प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक यह विशेष आयोजन किया जाता है। मंडलाध्यक्षों की अध्यक्षता में आयोजित इस पहल को आम जनता से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

आज के आयोजन में लखनऊ जिले से संबंधित कुल 71 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 59 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष 12 मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित शिकायतकर्ताओं को दूरभाष पर सूचना देने की बात कही गई।

कार्यक्रम की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि रही श्री सुधीर कुमार पाण्डेय के किसान विकास पत्र से जुड़े मृत्युदावे का त्वरित निस्तारण। 19 फरवरी को प्रस्तुत दावा मात्र एक दिन में स्वीकृत कर ₹11,46,874 की राशि उनके जीपीओ स्थित डाकघर बचत खाते में जमा कर दी गई। इस त्वरित कार्रवाई ने विभाग की संवेदनशीलता और दक्षता को दर्शाया।

इस अवसर पर लखनऊ मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर अवधेश मिश्रा, चीफ पोस्टमास्टर राजेश कुमार, सहायक निदेशक शांतनु सिंह, शोभनाथ यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button