लखनऊ में ‘समागम 2026’ की गूंज: डिज़ाइन, नवाचार और सतत निर्माण का महाकुंभ

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क Indian Institute of Interior Designers (IIID) लखनऊ रीजनल चैप्टर द्वारा आयोजित डिज़ाइन कॉन्फ्लुएन्स एंड बिल्डिंग मैटेरियल्स – समागम 2026 का चौथा संस्करण 13 से 16 फरवरी 2026 तक स्थानीय Indira Gandhi Pratishthan में भव्य रूप से संपन्न हुआ। चार दिवसीय इस आयोजन ने लखनऊ को आर्किटेक्चर, इंटीरियर डिजाइन और भवन निर्माण सामग्री के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूती से स्थापित कर दिया।

समागम 2026 का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak तथा जल शक्ति मंत्री Swatantra Dev Singh ने किया। अपने संबोधन में दोनों नेताओं ने पर्यावरण-अनुकूल निर्माण, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्राकृतिक प्रकाश और वेंटिलेशन को अनिवार्य रूप से अपनाने पर बल दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे घर बनें जिनमें दिन में कृत्रिम रोशनी की आवश्यकता न पड़े और आसपास हरियाली को बढ़ावा मिले।

इस आयोजन की कमान IIID लखनऊ चैप्टर के चेयरपर्सन अविरल अग्रवाल, ऑनरेरी सेक्रेटरी फौज़ान खान, ट्रेजरर पारुल सक्सेना, वाइस चेयरमैन राजीव अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन प्रसेनजीत सान्याल सहित पूरी टीम ने संभाली। कन्वेनर अशोक कुमार और रंजन शुक्ला के नेतृत्व में एग्जीक्यूटिव टीम—अभिषेक अग्रवाल, प्रतीक श्रीवास्तव, विशाल जैन, विशाल माथुर, मयंक गोयल, एकता अग्रवाल और वैभव गोयल—ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

समागम के पूर्व 12 फरवरी को स्केचिंग प्रतियोगिता, वॉकाथॉन और ‘शाम-ए-संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्केचिंग प्रतियोगिता में बीबीडी, इंटीग्रल, आईटीएम और एमिटी जैसे संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया। ‘शाम-ए-संवाद’ में Mukesh Meshram (अतिरिक्त मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश) और मलेशिया की आर्किटेक्ट Lillian Tay ने अपने विचार साझा किए।
समागम 2026 में बॉलीवुड अभिनेत्री Soha Ali Khan और Esha Deol की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। सोहा अली खान ने आयोजन को “रचनात्मकता और आधुनिक सोच का अनूठा मंच” बताया। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध आर्किटेक्चर फर्म Zaha Hadid Architects के निदेशक Michele Pasca di Magliano ने भी समागम की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

चार दिवसीय प्रदर्शनी में देश-विदेश की अनेक कंपनियों ने नवीनतम बिल्डिंग मैटेरियल्स, स्मार्ट डिजाइन सॉल्यूशंस और सतत निर्माण तकनीकों का प्रदर्शन किया। पैनल चर्चाओं में आईएएस अधिकारी, विधायक, आर्किटेक्ट्स और डिजाइन विशेषज्ञों ने भाग लेकर वास्तुकला में स्थिरता, ग्लास और विंडो डिजाइन, शहरी नियोजन तथा इंटीरियर इनोवेशन जैसे विषयों पर विचार रखे।

छात्र कार्यशालाएं और डिजाइन प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया और उनकी रचनात्मकता को नई दिशा दी। समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए आर्किटेक्ट्स को सम्मानित किया गया तथा IIID मैगजीन ‘ऐक्याम-2’ का विमोचन हुआ।
लगभग 20,000 से अधिक आगंतुकों की भागीदारी के साथ समागम 2026 ने यह सिद्ध किया कि लखनऊ केवल तहजीब का शहर ही नहीं, बल्कि रचनात्मकता और आधुनिक वास्तुकला का भी उभरता केंद्र है। यह आयोजन डिजाइन, नवाचार और सतत विकास की दिशा में एक प्रेरक कदम साबित हुआ।



