मनोरंजन

PM ने अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर शोक जताया

निश्चय टाइम्स, डेस्क। फिल्म जगत से एक दुखद समाचार सामने आया है। साउथ सिनेमा की मशहूर और दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित अपने निवास पर बेहोश पाई गईं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके निधन की पुष्टि कर दी। बताया गया कि वे लंबे समय से उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। बी. सरोजा देवी के निधन से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उन्होंने अपने सात दशकों से अधिक के करियर में 200 से अधिक फिल्मों में काम किया। वे तमिल, कन्नड़, तेलुगु और हिंदी सिनेमा की जानी-मानी कलाकार थीं। उनकी अभिनय प्रतिभा और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने उन्हें दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियों में शामिल किया।

उनकी मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा: “प्रसिद्ध फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। अपने विविधतापूर्ण भूमिकाओं से उन्होंने कई पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी। विभिन्न भाषाओं और विषयों पर बनी फिल्मों में किए गए अभिनय से उनकी बहुमुखी प्रतिभा उजागर हुई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।” बी. सरोजा देवी को उनके योगदान के लिए कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। वे न केवल एक महान अभिनेत्री थीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के स्वर्ण युग की एक जीवित प्रतीक भी थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button