डिजिटल सुरक्षा की नई क्रांति: केंद्रीय मंत्री की अपील—डाउनलोड करें मिशन शक्ति ऐप
महिलाओं और बच्चों की मदद अब एक क्लिक की दूरी पर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने देश के नागरिकों से ‘मिशन शक्ति ऐप’ डाउनलोड करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह ऐप महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, त्वरित सहायता और सर्वांगीण सशक्तिकरण के प्रति केंद्र सरकार के अटूट संकल्प का एक डिजिटल प्रमाण है, जिससे मदद अब केवल एक क्लिक की दूरी पर उपलब्ध होगी।
एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 7 प्रमुख राष्ट्रीय हेल्पलाइन सेवाएं
‘एक्स’ (X) पर जानकारी साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह ऐप कई महत्वपूर्ण सुरक्षा तंत्रों को एकीकृत करता है। इसमें संकट के समय तत्काल सहायता के लिए आपातकालीन सेवा (112), महिला हेल्पलाइन (181), बाल हेल्पलाइन (1098), पोषण व पीएमएमवीवाई (1515), राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन (1930), कानूनी सहायता-NALSA (15100) तथा मानसिक स्वास्थ्य सहायता हेतु टेली-मानस (14416) जैसी अति-आवश्यक सेवाएं शामिल हैं।
नागरिकों से व्यापक जागरूकता का आह्वान
श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस ऐप को खुद भी डाउनलोड करें और अपने परिवार, मित्रों व समाज के अन्य वर्गों के साथ इन जीवनरक्षक सेवाओं की जानकारी साझा करें, ताकि प्रत्येक महिला और बच्चा स्वयं को सुरक्षित व सशक्त महसूस कर सके।



