वाराणसी को मिली 24×7 बिजली राहत: ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लॉन्च की हाई-टेक इमरजेंसी वैन
अब मिनटों में दूर होंगे फॉल्ट: 3 शिफ्ट में तैनात टीम संभालेगी ट्रांसफॉर्मर से HT लाइन तक की जिम्मेदारी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
वाराणसी में बिजली आपूर्ति को और अधिक भरोसेमंद और बाधारहित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अत्याधुनिक 24×7 विद्युत आपातकालीन वैन का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य बिजली फॉल्ट के समाधान में लगने वाले समय को न्यूनतम करना और उपभोक्ताओं को त्वरित राहत देना है।
इन विशेष वैन को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है, जिससे हाई टेंशन (HT) लाइन फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर बदलने, भूमिगत केबल समस्याओं और अन्य तकनीकी चुनौतियों का मौके पर ही समाधान किया जा सकेगा। सरकार की इस पहल से वाराणसी के लाखों उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस सेवा को प्रभावी बनाने के लिए विशेषज्ञ टीम को तीन शिफ्टों में तैनात किया गया है, जहां हर शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर शामिल रहेंगे। यह टीम 24 घंटे सक्रिय रहकर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचेगी और बिजली बहाली सुनिश्चित करेगी।
इसके अलावा, वैन के माध्यम से नियमित लाइन सर्वे, पेड़ों की छंटाई, जर्जर तारों का प्रतिस्थापन और खंभों की मरम्मत जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिससे संभावित फॉल्ट को पहले ही रोका जा सकेगा।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह पहल केवल ब्रेकडाउन सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक प्रो-एक्टिव सिस्टम है, जो बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा और कटौती की समस्या को काफी हद तक कम करेगा।



