यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का शानदार प्रदर्शन: वित्तीय वर्ष 2027 की पहली तिमाही में निवल लाभ ₹5,332 करोड़

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के निदेशक मण्डल ने 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय लेखों को अपनी स्वीकृति दे दी है। बैंक ने चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में उत्कृष्ट वित्तीय कार्यनिष्पादन और संतुलित व्यावसायिक वृद्धि दर्ज की है।
वित्तीय लाभ और सुदृढ़ आय समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक का निवल लाभ वर्ष दर वर्ष 29.57% की भारी वृद्धि के साथ ₹5,332 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में ₹4,116 करोड़ था। बैंक की कुल ब्याज आय ₹27,203 करोड़ रही, जबकि निवल ब्याज आय (NII) 10.15% की बढ़त के साथ ₹10,037 करोड़ दर्ज की गई।
व्यावसायिक वृद्धि और जमा आधार बैंक का कुल कारोबार 7.46% की वार्षिक वृद्धि के साथ ₹23,79,697 करोड़ हो गया है। वैश्विक जमाराशि 3.50% की वृद्धि के साथ ₹12,83,366 करोड़ रही। विशेष रूप से, बैंक के कासा (CASA) जमा में 11.73% की मजबूत वृद्धि देखी गई, जो ₹4,50,305 करोड़ पर पहुंच गई। सकल अग्रिमों में भी 12.50% की शानदार वृद्धि दर्ज की गई।
रैम (RAM) क्षेत्र में निरंतर प्रगति रिटेल, कृषि और एमएसएमई (रैम) क्षेत्र में बैंक ने 11.56% की स्वस्थ वृद्धि हासिल की है। इसमें एमएसएमई क्षेत्र 16.49% और खुदरा (रिटेल) क्षेत्र 12.06% की दर से बढ़े। घरेलू अग्रिमों में रैम क्षेत्र का कुल योगदान 57.31% रहा है।
संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार और मजबूत पूंजी बैंक के एनपीए (NPA) प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सकल एनपीए 87 बीपीएस घटकर 2.65% और निवल एनपीए 15 बीपीएस की गिरावट के साथ 0.47% के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। बैंक का प्रोविजन कवरेज रेशियो (PCR) 95.05% पर बेहद मजबूत है। पूंजी पर्याप्तता अनुपात (CRAR) 18.46% और सीईटी-1 अनुपात सुधरकर 16.38% रहा।
वित्तीय समावेशन एवं हरित पहल सामाजिक सरोकारों को गति देते हुए बैंक ने पीएमजेडीवाई (PMJDY) के तहत 3.45 करोड़ खातों में ₹15,943 करोड़ की जमा राशि जुटाई। तिमाही के दौरान पीएमजेजेबीवाई में 2.23 लाख और पीएमएसबीवाई में 6.70 लाख नए नामांकन हुए। हरित पहलों के तहत नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को ₹34,363 करोड़ और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों के लिए ₹2,819 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए हैं।



