राजनीति

हरियाणा में नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। 17 अक्टूबर को नई सरकार का शपथग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें नायब सिंह सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह सुबह 10 बजे पंचकूला के परेड ग्राउंड, सेक्टर 5 में होगा।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के कई बड़े नेता और शमिल राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय नई सरकार के मंत्रियों को पद की शपथ दिलाएंगे।

भाजपा विधायक दल की बैठक जल्द

भाजपा विधायक दल की अभी बैठक नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक जल्द ही होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि नायब सिंह सैनी को औपचारिक रूप से नेता चुना जाएगा। भाजपा ने अपने चुनाव अभियान के दौरान स्पष्ट किया था कि यदि पार्टी सत्ता में लौटती है, तो नायब सिंह सैनी ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

भाजपा का चुनावी प्रदर्शन

8 अक्टूबर को आए एग्जिट पोल के सभी पूर्वानुमानों को दरकिनार करते हुए भाजपा ने हरियाणा में 48 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की। यह जीत कांग्रेस से 11 अधिक सीटों के साथ आई है। जेजेपी और आम आदमी पार्टी (आप) का सफाया हो गया है, जबकि इनेलो केवल दो सीटें जीतने में सफल रही। कांग्रेस को 37 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

इस ऐतिहासिक जीत के पीछे नायब सिंह सैनी की नेतृत्व क्षमता और भाजपा के केंद्रीय नेताओं की रणनीति का बड़ा योगदान है। अब देखना होगा कि नई सरकार किस तरह से राज्य के विकास में योगदान देती है।

हरिद्वार जेल से रामलीला के दौरान दो कैदी फरार, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 10 टीमें तलाश में जुटीं

Related Articles

Back to top button