अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

पाकिस्तान से सभी प्रकार के व्यापार पर भारत ने लगाया पूर्ण प्रतिबंध

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा फैसला लेते हुए उसके साथ सभी प्रकार के व्यापार को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है। यह निर्णय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा 2 मई को जारी अधिसूचना के माध्यम से घोषित किया गया।

अधिसूचना के अनुसार, अब से पाकिस्तान से किसी भी प्रकार का प्रत्यक्ष या परोक्ष आयात या पारगमन पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। इसमें वह वस्तुएं भी शामिल हैं जो सामान्य परिस्थितियों में स्वतंत्र रूप से आयात योग्य होती हैं।सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध विदेश व्यापार नीति 2023 का हिस्सा बना दिया गया है, जिससे अब यह एक स्थायी नीति निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।

अधिसूचना में साफ तौर पर लिखा गया है:”पाकिस्तान से आयातित या निर्यातित सभी वस्तुओं का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात अथवा पारगमन, चाहे वे स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हों या अन्यथा अनुमत हों, तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा।”यह कदम स्पष्ट रूप से भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत उठाया गया है। इससे पहले भी भारत ने पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) का दर्जा वापस ले लिया था और कई वस्तुओं पर सीमा शुल्क बढ़ाया था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला राजनीतिक और रणनीतिक स्तर पर पाकिस्तान पर दबाव बनाने का प्रयास है।

Related Articles

Back to top button