बिहार

राहुल गांधी का आरोप: चुनाव आयोग भाजपा संग चुनाव चोरी कर रहा

बिहार से शुरू हुई 1300 किमी ‘मतदाता अधिकार यात्रा

सासाराम। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अब पूरा देश जान चुका है कि चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर चुनावों की “चोरी” कर रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा बिहार विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची से नाम जोड़ने और हटाने की साज़िश के ज़रिए चुनाव परिणाम प्रभावित करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस और महागठबंधन ऐसा होने नहीं देंगे।

राहुल गांधी ने सासाराम के बियाडा मैदान से अपनी 1,300 किलोमीटर लंबी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस यात्रा में 20 से ज़्यादा जिलों को कवर किया जाएगा और यह 16 दिन चलेगी। यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ होगा। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और वाम दलों के नेता भी मौजूद रहे।

अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा, “पूरे देश में विधानसभा और लोकसभा चुनावों की चोरी हो रही है। बिहार में भाजपा की अंतिम साज़िश है कि SIR के ज़रिए मतदाताओं के नाम हटाए या जोड़े जाएं। लेकिन बिहार की जनता उन्हें ऐसा नहीं करने देगी।” उन्होंने कहा कि गरीब और आम जनता के पास केवल वोट की ताकत है और वे अपने अधिकार की रक्षा के लिए डटकर खड़े रहेंगे।

राहुल ने यह भी कहा कि उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में “वोट चोरी” का खुलासा करने के बाद उनसे हलफ़नामा मांगा गया, जबकि भाजपा नेताओं से ऐसा कोई सवाल नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भाजपा ने करोड़ों नकली मतदाता जोड़े और चुनाव नतीजे अपने पक्ष में किए। कांग्रेस ने यह भी साबित किया है कि कई जगह एक विधानसभा क्षेत्र में लाखों वोटों की हेराफेरी हुई।

राहुल गांधी ने इस यात्रा को संविधान बचाने की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस लगातार संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस लड़ाई में कांग्रेस और महागठबंधन का साथ दें।

इस ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ को पैदल और वाहन दोनों तरीकों से निकाला जाएगा, ठीक उसी तरह जैसे राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा हुई थी। यह यात्रा औरंगाबाद, गया, नालंदा, भागलपुर, पूर्णिया, सीतामढ़ी, दरभंगा, गोपालगंज, छपरा, आरा समेत 20 जिलों से होकर गुज़रेगी।

Related Articles

Back to top button