भारतीय डाक विभाग ने जारी किया ‘होली’ विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड सेट
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी

लखनऊ जीपीओ में भव्य सार्वजनिक प्रस्तुति कार्यक्रम आयोजित
होलिका दहन से रंगभरी एकादशी तक झलकी सांस्कृतिक विविधता
डाक विभाग ने रंगों के पर्व को दिया फिलैटेलिक सम्मान
रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर 02 मार्च 2026 को भारतीय डाक विभाग, उत्तर प्रदेश परिमंडल द्वारा लखनऊ जी.पी.ओ. में “होली” विषय पर आधारित 5 विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड के सेट की सार्वजनिक प्रस्तुति का भव्य आयोजन किया गया। यह पहल न केवल पर्व की सांस्कृतिक गरिमा को दर्शाती है, बल्कि डाक विभाग की रचनात्मक अभिव्यक्ति का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चीफ पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश परिमंडल श्री प्रणव कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पोस्टमास्टर जनरल, मुख्यालय परिक्षेत्र लखनऊ श्री सुनील कुमार राय तथा निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) डॉ. आनंद कुमार सिंह मंचासीन रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से पोस्टकार्ड सेट का अनावरण किया और इसे जनमानस को समर्पित किया।
विशेष सेट में होली के पांच प्रमुख पारंपरिक स्वरूपों—होलिका दहन, फूलों वाली होली, लठ्ठमार होली, हुरंगा होली और रंगभरी एकादशी—को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रत्येक पोस्टकार्ड में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, लोक-जीवन की जीवंतता और भारतीय परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिलती है।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि डाक विभाग समय-समय पर ऐसे रचनात्मक प्रयासों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और त्योहारों की विरासत को सहेजने का कार्य करता रहा है। यह विशेष सेट न केवल संग्रहकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगा, बल्कि युवाओं को भी डाक संस्कृति से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ जीपीओ के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रंगों के उत्सव पर यह अनूठी प्रस्तुति डाक विभाग की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई।



