North Tech Symposium 2026 में स्वदेशी हथियारों की ताकत पर जोर
Sanjay Seth बोले—स्टार्टअप और MSME ही विकसित भारत 2047 की असली ताकत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
: नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 के मंच से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य शक्ति देश के रक्षा उद्योगों में विकसित हो रही है और हालिया अभियानों में स्वदेशी हथियारों की प्रभावशीलता स्पष्ट रूप से देखने को मिली है।
मंत्री ने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता में भारतीय सशस्त्र बलों के साहस के साथ-साथ स्वदेशी तकनीक और हथियार प्रणालियों की अहम भूमिका रही। उन्होंने इसे भारत के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) और स्टार्टअप्स को भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि ये संस्थाएं न केवल नवाचार को बढ़ावा दे रही हैं, बल्कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के “विकसित भारत 2047” के विजन को साकार करने में भी निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने स्टार्टअप्स को “देश का ब्रांड एंबेसडर” और “आधुनिक विश्वकर्मा” करार दिया।
रक्षा उत्पादन और निर्यात के रिकॉर्ड आंकड़ों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि नया भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे तेजी से बदलती तकनीकों के दौर में नवाचार को निरंतर जारी रखें, क्योंकि आज की तकनीक कल पुरानी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे के प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे क्षेत्रीय विकास और निवेश के लिए गेम-चेंजर बताया। कार्यक्रम में अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों जैसे ड्रोन, यूएवी, निगरानी उपकरण और अन्य उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।




