Uncategorized

शकुन्तला विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में 31 जुलाई को 13वां दीक्षांत समारोह अत्यंत भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। कुलपति आचार्य संजय सिंह के सफल कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में यह घोषणा की गई। समारोह में कुल 1,919 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी, जिनमें 17 शोधार्थी पीएचडी की उपाधि प्राप्त करेंगे।

130 मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाएँगे 156 पदक

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 130 मेधावियों को 156 पदकों से अलंकृत किया जाएगा। इनमें 76 स्वर्ण, 40 रजत और 40 कांस्य पदक शामिल हैं। पदकों की दौड़ में छात्राओं ने बाज़ी मारते हुए कुल 91 पदक (41 स्वर्ण, 24 रजत, 26 कांस्य) अपने नाम किए हैं, जबकि छात्रों को 65 पदक प्राप्त होंगे।

दिव्यांग प्रतिभाओं का डंका: 27 विद्यार्थियों ने जीते 45 पदक

विश्वविद्यालय की समावेशी शिक्षा व्यवस्था की सफलता का प्रमाण देते हुए 27 दिव्यांग विद्यार्थियों ने कुल 45 पदकों पर कब्ज़ा जमाया है, जिनमें 22 स्वर्ण पदक शामिल हैं। कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय की अद्वितीय शैक्षणिक संस्कृति का परिणाम बताया, जहाँ सामान्य और दिव्यांग विद्यार्थी एक साथ ज्ञान अर्जित करते हैं।

दो वर्षों में तकनीक और नवाचार का सशक्त दौर

कुलपति आचार्य संजय सिंह ने दो वर्षों की उपलब्धियाँ गिनाते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल से ई-गवर्नेंस लागू किया गया है। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए एआई (AI) आधारित स्मार्ट चश्मे और स्क्राइब-फ्री परीक्षा जैसी क्रांतिकारी पहल की गई है। इस दौरान कुलसचिव रोहित सिंह, परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार मिश्रा एवं प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button