उत्तर प्रदेश

ओवरस्पीड और ओवरलोड पर चला प्रशासन का डंडा, 40 वाहनों के चालान, 18 पर बड़ी कार्रवाई

बदायूं में परिवहन विभाग का सख्त अभियान, लाखों का जुर्माना वसूला—नियम तोड़ने वालों में हड़कंप

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

बदायूं में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए ओवरस्पीड और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्री हरिओम के नेतृत्व में यह कार्रवाई जिले के विभिन्न इलाकों में की गई, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 40 दोपहिया और चारपहिया वाहनों का चालान किया गया। इसके साथ ही क्षमता से अधिक माल ढोने वाले 4 वाहनों को थाना फैजगंज और उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज किया गया। वहीं खनन सामग्री ले जा रहे 14 ओवरलोड वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान करीब 4.5 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया, जो प्रशासन की सख्ती और निगरानी का साफ संकेत है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन में उसकी क्षमता के अनुसार ही भार रखें। ओवरलोडिंग और तेज गति न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी बनता है।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button