लोकसभा में गरजीं डिम्पल यादव: युवा शक्ति को दी ऐतिहासिक बधाई

मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने ‘लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026’ पर चर्चा के दौरान लोकसभा में केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। नीट पेपर लीक मामले में छात्रों और ‘जेन जी’ (Gen Z) के ऐतिहासिक आंदोलन की सफलता पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने सत्ता के अहंकार से डरे बिना न्याय की लड़ाई जीती है।
जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन और सपा का समर्थन
श्रीमती यादव ने कहा कि जंतर-मंतर पर एक महीने से चल रहा आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक था। इसमें देश के हर राज्य से आए छात्र-नौजवान अपनी जायज मांगों को लेकर डटे थे। समाजवादी पार्टी ने इस आंदोलन का पूरी निष्ठा से समर्थन किया। 18 जून को वे स्वयं जंतर-मंतर पहुंची थीं, जहाँ उन्होंने अनशन पर बैठे श्री सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात कर एकजुटता जताई थी।
20 जुलाई की बर्बरता: लाठियाँ, पैलेट गन और सरकारी दमन
सांसद डिम्पल यादव ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर और दिल्ली की सड़कों पर सरकार ने छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। बेरिकेडिंग लगाकर छात्रों पर कील लगी लाठियाँ बरसाई गईं, पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ और यहाँ तक कि बिहार में एके-47 तक का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ की गई बर्बरता और दमनकारी रवैये ने पूरे देश की माताओं-बहनों को आहत किया है।
“आपातकाल से भी बदतर हालात, युवा कभी माफ नहीं करेंगे”
डिम्पल यादव ने सत्तापक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोग आपातकाल का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन दिल्ली की सड़कों पर युवाओं के साथ आपातकाल से भी बदतर अत्याचार किया गया। छात्रों को ‘अराजक तत्व’ कहकर अपमानित करने वाली भाजपा सरकार को देश का युवा और छात्र वर्ग कभी माफ नहीं करेगा।



