UIDAI की बड़ी कामयाबी: 2 करोड़ से ज्यादा स्कूली बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट पूरा
30 सितंबर तक सुविधा एकदम मुफ्त

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने स्कूली बच्चों के भविष्य को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ‘अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट’ (MBU) महाभियान के तहत, देशभर के 1.56 लाख से ज्यादा स्कूलों में अब तक 2 करोड़ से अधिक बच्चों के आधार कार्ड सफलतापूर्वक अपडेट किए जा चुके हैं।
यह शानदार सफलता UDISE+ (यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस) पोर्टल की बेहतरीन तकनीक के जरिए संभव हो पाई है। इससे स्कूलों में बच्चों के आधार अपडेट की स्थिति पर सीधी नजर रखी जा रही है। बच्चों और अभिभावकों को कहीं भटकना न पड़े, इसके लिए स्कूलों में ही विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
बायोमेट्रिक अपडेट क्यों है जरूरी? 5 साल से छोटे बच्चों के आधार में सिर्फ उनकी फोटो और जानकारी होती है, क्योंकि उनकी उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियां (Iris) पूरी तरह विकसित नहीं होते। इसलिए, 5 साल और 15 साल की उम्र पूरी होने पर उंगलियों के निशान और आंखों का बायोमेट्रिक अपडेट करना अनिवार्य होता है, ताकि बच्चे का आधार हमेशा सटीक और एक्टिव रहे।
30 सितंबर 2026 तक मुफ्त है सेवा: अभिभावकों को राहत देते हुए UIDAI ने 5 से 17 साल तक के बच्चों के लिए यह अहम अपडेट 30 सितंबर 2026 तक बिल्कुल मुफ्त कर दिया है।
अगर समय पर बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ, तो बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत आ सकती है। साथ ही, भविष्य में NEET, JEE और CUET जैसी अहम प्रवेश परीक्षाओं के रजिस्ट्रेशन में भी परेशानी हो सकती है। UIDAI ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे समय रहते अपने बच्चों का आधार अपडेट जरूर कराएं ताकि उनके सपनों की राह में कोई रुकावट न आए।



