यूपी के सूचना विभाग का बड़ा डिजिटल धमाका; आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का हुआ भव्य आगाज
अब सीधे मोबाइल पर दिखेगी यूपी की विकास यात्रा; लोक भवन से निदेशक विशाल सिंह ने लॉन्च किया डिजिटल सेतु

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
उत्तर प्रदेश सरकार ने डिजिटल संचार की दुनिया में कदम बढ़ाते हुए जनता से सीधा संवाद साधने के लिए एक बेहद प्रभावी और आधुनिक पहल की है। आज 18 जून 2026 को लखनऊ के लोक भवन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस नए डिजिटल मंच के जरिए अब योगी सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं, विकास कार्य और महत्वपूर्ण सरकारी फैसले बेहद सरल और सहज रूप में सीधे आम जनता के मोबाइल स्क्रीन तक पहुंचेंगे।
डिजिटल मीडिया बनेगा सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु चैनल का उद्घाटन सूचना निदेशक श्री विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक श्री अरविंद कुमार मिश्र द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर फिल्म निर्माता अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के तमाम आला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

चैनल की उपयोगिता पर बात करते हुए सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे तेज और असरदार जरिया बन चुका है। ऐसे में “सूचना प्रवाह” चैनल सरकार और जनता के बीच भरोसे का एक नया और मजबूत सेतु साबित होगा। इसके जरिए नागरिकों को बिना किसी भटकाव के सरकारी नीतियों की प्रामाणिक और सटीक जानकारी आकर्षक वीडियो फॉर्मेट में मिलेगी।
वृत्तचित्र (Documentaries) और स्पेशल रिपोर्ट्स का होगा प्रसारण अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने साफ किया कि विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर जनसंचार के नए रिकॉर्ड बना रहा है। इस डिजिटल चैनल पर सरकार द्वारा तैयार किए गए विशेष वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री), ग्राउंड रिपोर्ट्स, प्रेरणादायी वीडियो और बड़े अभियानों का नियमित लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसका सीधा फायदा प्रदेश के ग्रामीण और शहरी इलाकों के उन नागरिकों को मिलेगा, जो समय पर जानकारी न मिलने के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते थे।



