उत्तर प्रदेशशिक्षा

विश्व युवा कौशल दिवस पर युवा शक्ति का सम्मान

योगी सरकार ने कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता का प्रस्तुत किया नया मॉडल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने कौशल विकास को आत्मनिर्भरता और सम्मान का सबसे बड़ा आधार बताते हुए राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशल विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, विभागीय पुस्तिका ‘कौशलम’ का विमोचन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 युवा आइकॉन को सम्मानित किया।

कौशल से रोजगार, रोजगार से सम्मान

मुख्यमंत्री ने विभाग की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी और लघु फिल्म का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षित युवाओं की सफलता को प्रदेश की नई पहचान बताया। आईटीआई अलीगंज के प्रशिक्षार्थियों द्वारा निर्मित स्मृति-चिह्न भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

‘उत्तर प्रदेश बना स्किल कैपिटल’

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कौशल विकास और रोजगार सृजन का राष्ट्रीय मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्किल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के विज़न को प्रदेश सरकार प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रही है।

20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण, 12.50 लाख को रोजगार

मंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में 20 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें 12.50 लाख को रोजगार मिला। वर्ष 2026-27 में 10 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में 94 लाख MSME इकाइयों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, 3310 करोड़ रुपये का विभागीय बजट, 7000 करोड़ रुपये के टाटा समूह CSR समझौते तथा 225 आईटीआई के आधुनिकीकरण जैसे कदम प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं।

भविष्य की तकनीकों पर विशेष फोकस

सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, IoT, 3D प्रिंटिंग, ऑटोमेशन और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षित कर रही है। साथ ही ब्लू डॉट सॉफ्टवेयर, कौशल दिशा, कौशल दर्पण, कौशल दृष्टि और 24×7 कौशल दोस्त चैटबॉट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को रोजगार से जोड़ रहे हैं।

सफलता की मिसाल बने युवा

कार्यक्रम में कई युवाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। किसी ने एक लाख रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी हासिल की तो किसी ने लाखों रुपये का स्वरोजगार स्थापित कर अन्य युवाओं को भी रोजगार दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 11 युवा आइकॉन को सम्मानित कर कौशल आधारित विकास मॉडल को नई पहचान दी।

Related Articles

Back to top button