रायपुर। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर जैन धर्मगुरु मुनिश्री सुधाकर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह नारा उग्रवाद पैदा करेगा। सांप्रदायिकता की आग लगाने वाला है। नारा ऐसा होना चाहिए जो सकारात्मक प्रेरणा दे जो जोड़ने का काम करे ना कि तोड़ने का।
जैन धर्मगुरु मुनिश्री सुधाकर ने कहा कि नारा ऐसा होना चाहिए हम जुड़कर रहेंगे, हम जोड़ते रहेंगे, हम साथ रहेंगे। इससे सकारात्मक ऊर्जा पैदा होगी। इसमें सोच अच्छी होगी। इसमें सबसे जुड़कर रहना है। इसमें सबका सम्मान करना है। सबके विकास की चिंता करनी है। संस्कार और संस्कृति पर ध्यान देना है। ऐसे स्लोगन आएं जिसको सुनकर सद्भावना आए और प्रसन्नता का संचार हो।
आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री सुधाकर एवं सहवर्ती मुनिश्री नरेश कुमार रायपुर में पदयात्रा करते हुए जबलपुर की तरफ रवाना हुए। इस दौरान कवर्धा में पहुंचने पर जैन समाज के लोगों ने मुनिश्री का जोरदार स्वागत करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान शहर के स्थानक भवन में मुनिश्री सुधाकर ने जैन समाज के लोगों को नमामि, खममि और विक्षामि पर प्रेरणा दी। जैन धर्मगुरु ने बताया कि जैन मुनि पद यात्रा क्यों करते हैं, इसकी वजह भी बताई।
