सद्भाव और प्रतिभा का संगम: ऑल इंडिया जमीयतुल मंसूर के सम्मान समारोह में हाजियों और मेधावियों का भव्य अभिनंदन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

सामाजिक एकजुटता, धार्मिक शुचिता और बौद्धिक उत्थान का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राजधानी लखनऊ के सहकारिता भवन में ऑल इंडिया जमीयतुल मंसूर के तत्वावधान में ‘सम्मान समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। 19 जुलाई को आयोजित इस गरिमामयी समारोह में पवित्र हज यात्रा से लौटे दर्जनों हाजियों, समाज के गौरवशाली संरक्षकों और विभिन्न शैक्षणिक कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

“अल्लाह के मुकद्दर मेहमान हैं हाजी” — मौलाना खालिद रशीद फ़रंगी महली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष और ईदगाह के इमाम, मौलाना खालिद रशीद फ़रंगी महली ने हज के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हज इस्लाम का एक अनिवार्य स्तंभ है, जिसे सही समझ और मर्यादा के साथ समय पर पूरा करना चाहिए। मुबारकबाद के काबिल हैं वे लोग जिन्हें अल्लाह ने अपना मेहमान बनाकर पवित्र भूमि पर बुलाया।”

मंसूरी और अंसारी समाज की एकजुटता पर बल: एक और एक ग्यारह का संकल्प कार्यक्रम का कुशल संयोजन प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल अजीज मंसूरी ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधायक हाफिज़ इरशाद अहमद मंसूरी ने की। सभा को संबोधित करते हुए हाफिज़ इरशाद ने समाज के ऐतिहासिक गठन और पंजीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मंसूरी और अंसारी समाज को मिलकर ‘एक और एक ग्यारह’ की शक्ति के रूप में काम करना होगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी बब्बू मंसूरी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि हाजी शब्बू मंसूरी ने सरकार से मांग की कि बुनकर समाज की तरह मंसूरी समाज को भी बिजली बिलों में रियायत और अन्य कल्याणकारी सुविधाएं देने के लिए एक समर्पित आयोग का गठन किया जाना चाहिए। साजिद मंसूरी ने राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट होकर अपनी मांगें रखने का आह्वान किया।

हज मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने फोन पर दिया सहयोग का आश्वासन उत्तर प्रदेश के हज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी शहर से बाहर होने के कारण भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने मोबाइल के माध्यम से सभा को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की एकता की सराहना की और सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके अलावा यूपी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली और राज्य हज समिति के सदस्य सैय्यद अली वारसी ने भी विचार रखे।

अग्नि हादसे के ‘रियल हीरो’ रियाज़ मंसूरी का विशेष सम्मान इस समारोह का सबसे भावुक और गौरवशाली क्षण वह था जब दिल्ली के भीषण होटल अग्निकांड में अपनी जान जोखिम में डालकर दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले साहसी ‘रियल हीरो’ रियाज़ मंसूरी और उनके सुपुत्र अरमान मंसूरी को विशेष रूप से मंच पर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त हाजी कमाल अहमद, हाजी हामिद अली सहित अनेक हाजियों और सबा परवीन, इकरा परवीन, मोहम्मद फैसल सहित दर्जनों मेधावियों को मोमेंटो देकर नवाजा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मोहम्मद गुफ़रान नसीम ने किया तथा अब्दुल अजीज मंसूरी ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



