राजनीति

“2017 से पहले खुद सीएम की कोई पहचान नहीं थी”; अखिलेश का योगी आदित्यनाथ पर सीधा और करारा पलटवार!

कासगंज में अखिलेश यादव की धुआंधार हुंकार; 'उर्मिला गार्डन' के मंच से भाजपा सरकार पर दागे तीखे सियासी तीर!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी और धुआंधार खबर सामने आ रही है! समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज कासगंज के सोरों गेट पर ‘उर्मिला गार्डन’ का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सूबे की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अब तक का सबसे तीखा और सीधा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के पुराने बयानों पर पलटवार करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी कहते हैं कि 2017 से पहले इस क्षेत्र की कोई पहचान नहीं थी, जबकि हकीकत तो यह है कि 2017 से पहले खुद मुख्यमंत्री जी की अपनी कोई पहचान नहीं थी!” उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास का काम हमेशा समाजवादियों ने ही किया है। सपा सरकार में मरीजों के लिए 108 और महिलाओं के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। आज अस्पतालों में न दवाएं हैं और न ही डॉक्टर मिल रहे हैं।

किसानों और नौजवानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा राज में न तो किसानों की आय दोगुनी हुई और न ही उन्हें एमएसपी मिली। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और देश में ऐसी कोई परीक्षा नहीं बची जिसके पेपर लीक न हुए हों। नीट (NEET) घोटाले से लाखों युवा प्रभावित हुए हैं और कुछ ने तो हताशा में अपनी जान तक दे दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब के संविधान को नहीं मानती और आरक्षण को बड़े पैमाने पर छीनकर पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों (PDA) के अधिकारों की लूट कर रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है और 2027 में सूबे में समाजवादी सरकार बनने जा रही है। आज के इस बड़े कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी, पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button