टेक्नो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवागंतुक छात्र दीक्षारंभ समारोह 2026
एक नई शुरुआत: असीम संभावनाएं' का शंखनाद

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
राजधानी लखनऊ स्थित टेक्नो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नए सत्र के प्रथम वर्ष के छात्रों के स्वागत हेतु “एक नई शुरुआत: असीम संभावनाएं” (A New Beginning: Endless Possibilities) विषय पर आधारित भव्य नवागंतुक छात्र दीक्षारंभ समारोह (Fresher’s Induction Programme 2026) का आयोजन किया गया। इस समारोह में नवागंतुक विद्यार्थियों को कॉलेज संस्कृति, मूल्यों और शैक्षणिक अवसरों से परिचित कराया गया।
मुख्य अतिथियों का सफलता मंत्र: “सीखो, कमाओ और समाज को लौटाओ”
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव आईएएस समीर वर्मा ने छात्रों को प्रतिस्पर्धा खुद से करने और अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने की सलाह दी। उन्होंने “लर्न, अर्न एंड रिटर्न” (सीखो, कमाओ और समाज को लौटाओ) का मूल मंत्र देते हुए कहा कि ज्ञान अर्जित कर सफल करियर बनाएं और समाज में सार्थक योगदान दें। वहीं विशिष्ट अतिथि राज्य कर विभाग की अपर आयुक्त (अपील) जैस्मीन जैन ने समयबद्ध तरीके से जीवन के लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया।

‘कोकोरो’ अवधारणा और शैक्षणिक अनुशासन
संस्थान की अध्यक्ष विधि अग्रवाल ने जापानी अवधारणा ‘कोकोरो’ (हृदय, मन और आत्मा का सामंजस्य) का उल्लेख करते हुए छात्रों को सही निर्णय लेने की प्रेरणा दी। प्रबंध निदेशक डॉ. ऋषि अग्रवाल ने परिसर में सुरक्षित माहौल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समयबद्धता का आश्वासन दिया। चेयरमैन ई० आर० के० अग्रवाल ने व्यक्तित्व निर्माण में सकारात्मक माहौल की भूमिका को रेखांकित किया।
मजबूत संकल्प से होगी सफलता की सिद्धि
महानिदेशक कर्नल रमाकांत पांडे (सेवानिवृत्त) ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विचार के लिए एक मजबूत मस्तिष्क और क्रियान्वयन के लिए अदम्य इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। कार्यक्रम का समापन नए शैक्षणिक सत्र में नवाचार, अत्याधुनिक सुविधाओं और उद्योग-उन्मुख अवसरों के संकल्प के साथ हुआ।



