NCC के ब्लू बॉयज़ का शानदार पराक्रम
JLN हॉकी कप में तीसरा स्थान, फेयर प्ले अवॉर्ड से भी सम्मानित; ADG ने खिलाड़ियों को दिया ₹90 हजार का पुरस्कार

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
हॉकी में लखनऊ का दम
NCC डायरेक्टरेट, उत्तर प्रदेश की DG NCC ब्लू बॉयज़ हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू हॉकी कप-2025 अंडर-17 नेशनल टूर्नामेंट में टीम ने गोल औसत के आधार पर तीसरा स्थान हासिल किया। शानदार खेल के साथ टीम ने फेयर प्ले अवॉर्ड भी अपने नाम किया।
पांच मैच, 61 गोल
प्रतियोगिता में टीम ने लगातार पांच मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए कुल 61 गोल किए। हालांकि सेमीफाइनल में राउंड ग्लास हॉकी एकेडमी, पंजाब के खिलाफ टीम को 2-3 से करीबी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने खेल विशेषज्ञों और दर्शकों का ध्यान खींचा।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी चमके
टीम की उपलब्धि यहीं नहीं रुकी। इसके चार खिलाड़ियों ने ओमान में आयोजित एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट और जापान में यूथ हॉकी 5s चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। दोनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।
67 UP बटालियन में सम्मान
11 अगस्त को लखनऊ कैंट स्थित 67 UP बटालियन, NCC में टीम के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि NCC डायरेक्टरेट उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, VSM को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। NCC ग्रुप मुख्यालय लखनऊ के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, VSM समेत पूर्व कैडेट, वर्तमान कैडेट और स्टाफ उपस्थित रहे।
‘जीत की मानसिकता जरूरी’
मेजर जनरल गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए मानसिक मजबूती, विनिंग एटीट्यूड और कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल पर एकाग्रता बनाए रखने और आगामी नवंबर 2026 के JLN कप में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तैयारी करने का आह्वान किया।
परमवीर की विरासत
ADG ने 67 UP बटालियन NCC की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे NCC के लिए ‘पवित्र स्थान’ बताया। उन्होंने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज कुमार पांडेय की स्मृति का उल्लेख किया, जो परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले एकमात्र NCC कैडेट थे।
मेहनत को मिला सम्मान
टीम और कोच को उनकी उपलब्धि के लिए ₹90,000 का नकद पुरस्कार दिया गया। 16 सदस्यीय टीम ने कोच रंजीत राज और इंस्ट्रक्शनल स्टाफ के मार्गदर्शन में मो. शाहिद मिनी स्टेडियम में चार महीने की गहन प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी की है। अब टीम की नजर नवंबर 2026 के JLN कप पर है।




