भूरगरी गांव में युवाओं को मिला भारतीय संस्कृति और संस्कारों का संदेश
गायत्री मंत्र लेखन अभियान से युवाओं को जोड़ने का प्रयास

टप्पल ब्लॉक के ग्राम भूरगरी में युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विस एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं जिला अध्यक्ष प्रदीप चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को जीवन में अनुशासन, नैतिकता और संस्कृति के महत्व के बारे में बताया। प्रदीप चौहान, रमाकांत शर्मा, कर्मवीर सिंह और भुवनेश ने कहा कि आधुनिक दौर में युवाओं को अपनी जड़ों और भारतीय परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गलत रास्तों और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाएं।

वक्ताओं ने कहा कि गायत्री महामंत्र का जाप और नियमित लेखन मानसिक शक्ति, विवेक और आत्मविश्वास को बढ़ाता है। इससे व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता विकसित होती है। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं के साथ सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का उच्चारण भी कराया गया, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर युवाओं को प्रेरणादायक पुस्तकें वितरित की गईं और प्रत्येक युवक-युवती से नियमित रूप से गायत्री मंत्र लेखन करने का आग्रह किया गया। आयोजकों का कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को समाज और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भुवनेंद्र सिंह चौधरी, श्यामवीर सिंह, रमेश चंद, तेजवीर सिंह, सुरेंद्र मास्टर, बलबीर सिंह, शिवम चौधरी, विपिन चौधरी, अंकित चौधरी, केशव ठाकुर, नानक चंद, मुकेश सिंह और सुभाष शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



